नित्‍थर की समस्याओं पर किसान सभा उग्र

रामपुर बुशहर। नित्थर उप तहसील में स्टाफ की कमी और सड़क, बिजली, पानी जैसी समस्याओं की तरफ ध्यान न देने पर किसान सभा उग्र हो गई है। इस संबंध में रविवार को नित्थर में अधिवेशन का आयोजन किया गया। इस दौरान निर्णय लिया गया कि किसान सभा 20 फरवरी को नित्थर में सरकार के विरुद्ध प्रदर्शन करेगी।
अधिवेशन की अध्यक्षता करते हुए हिमाचल सेब उत्पादक संघ के अध्यक्ष राकेश सिंघा ने कहा कि सरकार बार-बार मांग उठाने के बावजूद नित्थर उप तहसील में स्टाफ उपलब्ध करवाने में नाकाम रही है। सरकार की नाकामी से जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में सड़कों की हालत दयनीय बनी हुई है। वहीं, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं लोगों को बेहतर ढंग से नहीं मिल रही हैं। गैस, डीजल और पेट्रोल के दाम निरंतर बढ़ रहे हैं। इसकी मार आम लोगों पर पड़ रही है, लेकिन सरकार महंगाई रोकने के कोई इंतजाम नहीं कर रही है। आंगनबाड़ी, मिड डे मील, जलवाहकों को समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा है, इस कारण उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। कैश सब्सिडी के नाम पर भी लोगों को सिर्फ ठगा जा रहा है। अधिवेशन में निर्णय लिया गया कि नित्थर उप तहसील में नायब तहसीलदार की नियुक्ति न करने समेत अन्य जनसमस्याओं को लेकर 20 फरवरी को नित्थर में धरना दिया जाएगा। अगर फिर भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो भविष्य में उग्र प्रदर्शन होगा। अधिवेशन में किसान सभा निरमंड के अध्यक्ष देवकी नंद, महामंत्री पूर्ण ठाकुर, मेहर चंद, ख्याले नंद, कुलदीप, सुरेश, डोला राम, मोती राम, इंद्रपाल, उमेश, शिवराम, प्रभा देवी, रोशन लाल, राजेंद्र सिंह, पंकज, बलवीर, गोविंद, टिकम, अनिल कुमार, निखिल और चुन्नी लाल आदि मौजूद रहे।

Related posts