
शिमला। सैलानियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध न करवाने वाले होटलों के अप्रूवड रेट में कटौती की जाएगी। निम्न स्तरीय सुविधाओं की एवज में सैलानियों से कमरों के किराये के रूप में मोटी वसूली करने वालों पर पर्यटन विभाग शिकंजा कसेगा। पर्यटन विभाग की टीम शहर के होटलों का औचक निरीक्षण करेगी और व्यवस्थाओं में खामियां पाए जाने पर होटल के अप्रूवड रेट में कटौती की सिफारिश की जाएगी।
होटल के साधारण, डीलक्स और एसी कमरों में ठहरने वाले सैलानियों को तय मापदंडों के आधार पर सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। इतना ही नहीं, कमरों में फर्नीचर, शौचालय और इलेक्ट्रॉनिक्स की स्थिति की भी अप्रूवड रेट के आधार पर समीक्षा की जाएगी। कमरों का किराया अधिक होने और सुविधाएं कम होने की स्थिति में अप्रूवड रेट में कटौती की जाएगी।
निरीक्षण के बाद करेंगे कार्रवाई : जस्टा
ऐसे होटलों के अप्रूवड रेट में कटौती की जाएगी जिनमें सैलानियों को नियमानुसार सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई जा रहीं। पर्यटन विभाग होटलों का निरीक्षण कर कार्रवाई करेगा।
– सुरेंद्र जस्टा
उपनिदेशक, पर्यटन विभाग
मापदंडों का पालन करें होटल संचालक : कुकरेजा
होटलों में सैलानियों की हर सुख सुविधा का ख्याल रखा जाता है। टूरिस्ट सीजन से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाती हैं। सभी होटल संचालकों को तय मापदंडों का पालन करना चाहिए।
– हरनाम कुकरेजा
अध्यक्ष, होटलियर एसोसिएशन
