निजी स्कूल के बाहर चले तेजधार हथियार

नालागढ़ (सोलन)। एक निजी स्कूल के बाहर तेजधार हथियारों से लैस छात्रों में जमकर लड़ाई हुई। आपसी रंजिश के चलते निजी स्कूलों के दो विद्यार्थी आपस में भिड़ पड़े एक और एक छात्र ने दूसरे छात्र के साथ मारपीट के बाद तेजधार हथियार से हमला कर डाला। जिससे दूसरा छात्र बुरी तरह से जख्मी हुआ। आसपास के लोगों व पुलिस की मदद से उसे नालागढ़ अस्पताल लाया गया, जहां उसे उपचार दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार को स्कूल से छुटटी होने के बाद एक निजी स्कूल का विद्यार्थी दूसरे निजी स्कूल के पास पहुंच गया। जब स्कूल से छुटटी होकर दूसरे निजी स्कूल का छात्र बाहर निकला तो पहले निजी स्कूल के छात्र ने उसके साथ मारपीट की और बाद में तेजधार हथियार से हमला किया।
पुलिस के संज्ञान में आने के बाद घायल छात्र का पुलिस ने नालागढ़ अस्पताल में मेडिकल करवाया है और दोनों पक्षों को वार्ता के लिए पुलिस थाना में तलब किया। देर शाम तक दोनों ही छात्रों के अभिभावकों के बीच थाने में वार्ता का दौर जारी रहा। डीएसपी नालागढ़ निश्चिंत नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि घायल छात्र का मेडिकल करवा लिया गया है और दोनों पक्षों के साथ वार्ता की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि अभिभावक राजी नहीं हुए तो मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू की जाएगी।

Related posts