निजी विश्वविद्यालयों में नियमों की अवहेलना कर लगे कुलपतियों की होगी छुट्टी

निजी विश्वविद्यालयों में नियमों की अवहेलना कर लगे कुलपतियों की होगी छुट्टी

शिमला
प्रदेश के निजी विश्वविद्यालयों में नियमों की अवहेलना कर लगे कुलपतियों की छुट्टी होना तय है। राज्य निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग ने सभी कुलपतियों की शैक्षणिक योग्यता और नियुक्ति प्रक्रिया की जांच पूरी कर ली है। शुक्रवार को तीन सदस्यीय जांच कमेटी ने कुलपतियों के मामले की जांच कर रिपोर्ट आयोग के अध्यक्ष को सौंप दी है।

अब शनिवार को आयोग अध्यक्ष मेजर जनरल सेवानिवृत्त अतुल कौशिक की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश के कुछ निजी विश्वविद्यालयों के कुलपति यूजीसी के निर्देशानुसार नियुक्तियों के लिए तय नियमों को पूरा नहीं कर पा रहे हैं। अधूरी योग्यता से लगे इन कुलपतियों को लेकर आयोग के पास शिकायतें आई थीं।
दो विश्वविद्यालयों के कुलपतियों ने इसी बीच अपने पदों से इस्तीफे भी दे दिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयोग ने कुलपतियों की नियुक्ति प्रक्रिया की जांच को हायर एजूकेशन काउंसिल के अध्यक्ष प्रो. सुनील गुप्ता की अध्यक्षता में बीते दिनों तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया था।
कमेटी में तकनीकी विवि हमीरपुर के कुलपति प्रो. एसपी बंसल और सरदार वल्लभ भाई पटेल क्लस्टर विवि मंडी के कुलपति प्रो. सीएल चंदन को बतौर सदस्य शामिल किया गया। जांच कमेटी ने सभी विश्वविद्यालयों का रिकॉर्ड जांचने के बाद शुक्रवार को रिपोर्ट नियामक आयोग के अध्यक्ष को सौंपी।

अगले चरण में निजी विवि के शिक्षकों की डिग्रियों की होगी जांच
कुलपतियों की नियुक्तियों प्रक्रिया की जांच के बाद अगले चरण शिक्षकों की शैक्षणिक योग्यता और नियुक्ति प्रक्रिया की जांच की जाएगी। आयोग ने इस बाबत सभी निजी विश्वविद्यालयों से रिकॉर्ड तलब कर लिया है। प्रदेश के निजी शिक्षण संस्थानों में गुणात्मक शिक्षा देने को आयोग ने इस तरह की पहली बार पहल की है।

 

Related posts