
सांगला (किन्नौर)। किन्नौर के निचार खंड की निचार पंचायत में लोगों के अभी तक आधार कार्ड नहीं बन पाए हैं। इस कारण लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। हालांकि एक बार यहां आधार कार्ड बनाने के लिए कंपनी के लोग आए थे, लेकिन वे केवल 80 लोगों के आधार कार्ड बना कर चलते बने, जबकि तीन हजार के करीब लोग अभी भी आधार कार्ड के लिए इंतजार कर रहे हैं।
पंचायत के ग्रादे, पुजे, नंगानी, काश्पो और पैलारिगं गांवों के करीब 3000 लोगों के आधार कार्ड बनने अभी बाकी हैं। वहीं, लोगों के पास आधार कार्ड न होने के चलते उनके राशन कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। वहीं, रसोई गैस कनेक्शन और स्कूल में बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र के लोगों में पूर्व प्रधान शंकर सिंह राठौर, पूर्व प्रधान कमला पायलस, पूर्व उप प्रधान जगदीश नेगी, पूर्व उप प्रधान वीरेंद्र नेगी, महिला मंडल प्रधान नरज्ञानी नेगी, मां उशा क्त्रस्ीड़ा क्लब अध्यक्ष संजीव नेगी, रविकांत नेगी, सरोज लता नेगी, प्रोमिला नेगी, रूपा नेगी, देव ज्ञानी नेगी, राधा नेगी, चंद्र सिंह नेगी, सुरेंद्र नेगी, टीकम नेगी, अजीत नेगी, शेखर नेगी, अनिल नेगी, शिव लाल नेगी, जितेंद्र नेगी, कविता नेगी, फुल देवी नेगी का कहना है कि जिला प्रशासन और पंचायत के लोगों की लापरवाही के चलते अभी तक लोगों के आधार कार्ड नहीं बन पाए हैं। इस कारण लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। लोगों ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि लोगों के जल्द से जल्द आधार कार्ड बनाए जाएं, ताकि लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। इस संबंध में डीसी किन्नौर कैप्टन जेएम पठानिया ने कहा कि पंचायत में आधार बनाने के लिए पहले टीम भेजी थी। अगर लोगों के आधार कार्ड नहीं बने हैं तो दोबारा टीम पंचायत में भेजी जाएगी।
