निगम के खिलाफ फूटा पूर्व सैनिकों का गुस्सा

मलोखर (बिलासपुर)। बागा सीमेंट उद्योग से अपनी सभी गाड़ियों को ढुलान कार्य नहीं मिलने से खफा ऋषि मारकंडेय भूतपूर्व सैनिक परिवहन सहकारी एवं कल्याण सभा जुखाला ने वीरवार को खारसी चौक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान भूतपूर्व सैनिक निगम हमीरपुर के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। सभा ने चेताया है कि सभी गाड़ियों को ढुलान कार्य नहीं मिलने की स्थिति में सात जनवरी से नियमित रूप से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
वीरवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ऋषि मारकंडेय सभा से जुडे़ पूर्व सैनिक आपरेटर खारसी चौक पर एकत्रित हुए। इंटक नेता भगत सिंह वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बिलासपुर के पूर्व सैनिकों के साथ भूतपूर्व सैनिक निगम हमीरपुर सौतेला व्यवहार कर रहा है। न तो निगम के पास अपनी कोई गाड़ी है और न ही उसका काम ट्रांसपोर्टेशन है। ऐसे में बागा सीमेंट उद्योग से ढुलान का उसे कोई हक नहीं है, लेकिन वह दूसरे जिलों की गाड़ियां चलाकर बिलासपुर के पूर्व सैनिकों से उनका हक छीन रहा है। यदि इस काम पर निगम का भी हक है तो वह बघेरी, नालागढ़, राजबन और सिरमौर आदि उद्योगाें में अपना कथित हिस्सा क्यों नहीं ले रहा है। उन्होंने निगम में भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया।
सभा के अध्यक्ष कैप्टन सुरेंद्र सिंह ने कहा कि हालांकि बागा उद्योग से मिले पांच फीसदी ढुलान कार्य पर बिलासपुर के पूर्व सैनिकों का हक है, लेकिन इसके बावजूद जिले के पूर्व सैनिक उच्च न्यायालय के फैसले का सम्मान कर रहे हैं। न्यायालय ने निगम के 56 तथा मारकंडेय सभा के 70 ट्रकों को ढुलान कार्य देने को कहा है, लेकिन निगम ने बिलासपुर के महज 31 ट्रकों को ही काम दिया है। उसकी मनमानी के कारण 39 ट्रक बेकार खड़े हैं। पूर्व सैनिक अपना हक लेकर रहेंगे। यदि सभा की मांग पूरी न हुई तो सात जनवरी से खारसी चौक पर हर रोज धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। सभी ट्रकों को ढुलान कार्य न मिलने तक यह सिलसिला जारी रहेगा। इस मौके पर सभा के सचिव जोगेंद्र सिंह ठाकुर, एडवोकेट नंदलाल ठाकुर व खारसी सभा के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर समेत कई अन्य लोग मौजूद थे

Related posts