
धर्मपुर (मंडी)। पथ परिवहन निगम सरकाघाट डिपो की धर्मपुर-सकलाना बस में यात्रियों को छाता खोलकर सफर करना पड़ा। बस की केवल छत ही नहीं टपकी, बल्कि बस की खस्ताहाल के कारणपट्टे टूटने से ड्राइवर को वेल्डिंग करवाकर बस को गंतव्य तक ले जाना पड़ा। बस में सवार सकलाना पंचायत के प्रधान सुरेंद्र ठाकुर, विक्की, संजू, बविता देवी, कांता देवी, श्याम लाल, बबली देवी, राम सिंह और बेली राम ने बताया कि बस पिछले काफी समय से इसी रूट पर चल रही है और जब भी बारिश होती है, यात्रियों को बस के अंदर ही छाते खोलने पड़ते है। प्रधान सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि इस बारे में विभाग को कई बार अवगत करवाया। विभाग बार बार इसी रूट पर इस गाड़ी को भेज रहा है। इस कारण यात्रियाें को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि बस की हालत खस्ता है। ऐसे में हादसे का खतरा भी बना हुआ है। इस बारे में आरएम सरकाघाट जगरनाथ से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि सोमवार को ही कार्यभार संभाला है। अगर ऐसा है तो इस गाड़ी को ठीक करवा दिया जाएगा।
