
हल्द्वानी। उत्तराखंड वन विकास निगम कर्मचारी संगठन के क्षेत्रीय अध्यक्ष टीसी पांडे ने प्रेस वार्ता में कहा कि नई खनन नीति से अवैध खनन के साथ माफियाराज बढ़ेगा। यह नीति जनता और वन निगम दोनों के हित में नहीं है। कर्मी लगातार इसके लिए संघर्ष कर रहे हैं। अब गुरुवार को कर्मियों के साथ परिवार के साथ सड़क पर उतरेंगे और रैली निकालेंगे।
प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष पूरन सिंह बिष्ट ने कहा कि खनन को निजी हाथों में देने का आत्मघाती कदम तत्काल वापस होना चाहिए, इससे सरकार का राजस्व नहीं बढ़ेगा बल्कि गुंडागर्दी और अराजकता जरूर बढ़ जाएगी। अवैध खनन होेने से नदियों के बहाव में बदलाव आएगा, जिससे खतरा बढ़ेगा। प्रांतीय उपाध्यक्ष कमलापति सनवाल ने कहा कि नदियों में निजीकरण के मामले में सरकार, मंत्री और अफसर गुमराह करने वाले बयान दे रहे हैं। मधुसूदन लोहनी ने कहा कि हाल में मंत्रिमंडल की बैठक से संकेत मिल चुके हैं कि सरकार नदियों को निजी क्षेत्र में देने की तैयारी कर रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रेस वार्ता में महेंद्र सिंह गैड़ा, बीडी मिश्रा, कर्ण सिंह नयाल, मोहन सिंह मेहरा, भुवन बिष्ट आदि मौजूद थे।
