निगम कर्मचारियों की सरेआम दादागीरी

सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट बस अड्डे में शुक्रवार दोपहर बाद परिवहन कर्मचारी दादागीरी पर उतर आए। निगम कर्मचारियों ने एक सरकारी वृद्ध कर्मचारी की निर्मम पिटाई कर डाली। यह बुजुर्ग कर्मचारी दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बचे एक बाइक सवार के पक्ष में बोल रहा था। लेकिन, निगम कर्मचारियों को यह खटक गया तथा उसकी पिटाई कर डाली। इसके बाद जब वहां लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई तो निगम के ये कर्मचारी बुजुर्ग तथा बाइक सवार को बुकिंग आफिस ले गए। जहां दोनों की दरवाजा बंद कर पिटाई की गई। इस हमले में पीड़ित लहूलुहान हो गए। जिन्हें एचआरटीसी कर्मचारियाें के चंगुल से पुलिस ने हस्तक्षेप कर बचाया।
सरकाघाट बस स्टैंड पर परवाणु से सरकाघाट-बैजनाथ आ रही बिलासपुर डिपो की बस एचपी 69-1283 ने अड्डे के अंदर प्रवेश करते ही एक बाइक को कुचल डाला। लोगों के हो हल्ला मचाने पर बाइक सवार प्रवीण कुमार को गाड़ी के अगले टायर के नीचे आने से बचा लिया गया। इसी मामले पर चालक-परिचालक की बाइक सवार युवक के साथ बहसबाजी शुरू हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। इसी दौरान लोनिवि शिमला में तैनात रणजीत सिंह (57) ने युवक का बीच-बचाव किया। लेकिन, उसे भी इसकी कीमत चुकानी पड़ी। इस पर भड़के निगम कर्मचारी उसे भी मारने पर उतारू हो गए तथा घसीटते हुए बुकिंग आफिस तक ले गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों घायलाें को निगम कर्मचारियाें के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद बुजुर्ग को 108 नंबर एंबुलेंस के माध्यम से सरकाघाट अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घायलाें के बयान दर्ज कर मामला दर्ज कर लिया। इधर, मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सरकाघाट संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घायल का मेडिकल करवाया गया है। दोषियाें के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।

Related posts