
मंडी।(ओम प्रकाश) निकास कर्मचारी महासंघ की पांच मार्च को प्रधान सचिव (शहरी विकास) के साथ वार्ता होगी। प्रधान सचिव शहरी विकास ने महासंघ को वार्ता के लिए शिमला बुलाया है। इस दौरान प्रदेश के स्थानीय निकाय कर्मियाें की समस्याआें और मांगों पर चर्चा होगी। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर ने इसकी पुष्टि की है।
प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि स्थानीय निकाय कर्मियाें को महीनाें से वेतन और पेंशन नहीं मिल रही थी। महासंघ ने सरकार को मांगपत्र भेज रखा था। गत दिवस महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इससे पहले 21 फरवरी को शिमला में भी विधानसभा सत्र के दौरान शहरी विकास मंत्री से महासंघ की वार्ता हुई थी। बताया कि स्थानीय निकाय कर्मचारियों की समस्याओं पर वार्ता के लिए ही महासंघ को पांच मार्च को शिमला बुलाया है। इस दौरान नौ सूत्रीय मांग पत्र पर चर्चा की जाएगी।
इन मुद्दाें पर की जाएगी चरचा
वेतन एवं पेंशन न मिलना, निकाय कर्मियों को 4-9-14 एवं ग्रेड पे न मिलना, शहरी निकाय कर्मियाें की सेवाओं का केंद्रीयकरण (प्रदेश स्तरीय) करना, कर्मचारियाें की पदोन्नतियां न होना, दिहाड़ीदारों को नियमित करना, चतुर्थ श्रेणी कर्मियाें को पदोन्नतियां देना, जिला मुख्यालयों में म्यूनिसिपल इंजीनियरों की नियुक्ति करना, सफाई कर्मियों के पदाें को भरना और इस श्रेणी को ड्राइंग कैडर से बाहर करना और वर्क सुपरवाइजर के पदोन्नति नियमों और इस श्रेणी के कर्मियाें को स्पेशल ग्रेड देना शामिल हैं।
