नाहन में तेज अंधड़, बारिश ने बरपाया कहर

नाहन (सिरमौर)। तेज हवाओं तथा भारी अंधड़ ने सोमवार को शहर में तबाही मचाई। दोपहर के समय अचानक आए अंधड़ से मुख्य मार्गों पर पेड़ उखड़ कर सड़कों पर आ गिरे। कई इलाकों में पेड़ों से टहनियां गिरकर वाहनों के लिए मुसीबत बन गई। यही नहीं टीन से बनी छतें तथा छप्पर हवा में उड़कर इधर-उधर बिखर गए। रिहायशी इलाकों में भी पानी घुस गया। शिमला रोड़ स्थित विक्रम ठाकुर के घर में पानी घुसने से भारी नुकसान की खबर है। उपायुक्त कार्यालय के समीप बना एक सरकारी बोर्ड भी सड़क पर आ गिरा। नाहन-पांवटा-चंडीगढ़ हाईवे स्थित पेट्रोल पंप के पास भारी पेड़ गिरने से आवाजाही एक घ्ंाटे तक ठप रही। इस बीच कई निजी वाहन तथा सरकारी बसें भी जाम में फंसी रही। लगभग एक घंटे तक इस सड़क मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। अंधड़ तथा तेज हवाओं के कारण नया बाजार, कोर्ट रोड़, शिमला रोड़, माल रोड़, चौगान मैदान क्षेत्र, विल्ला राउंड क्षेत्र, यशवंत विहार, कच्चा टैंक तथा पक्का टैंक क्षेत्र के कई इलाकों में गलियों तथा सड़कों पर भारी पानी जमा हो गया। इन क्षेत्रों में मिट्टी तथा मलबा पानी संग बह कर मुख्य मार्गों पर आ गया। मौसम के अचानक करवट बदलने से सोमवार को पलभर के लिए सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। अचानक आए अंधड़ तथा तेज वर्षा ने लोगों को इधर उधर भागने पर मजबूर कर दिया। सफर कर रहे यात्री बसों तथा अन्य वाहनों के भीतर दुबकने पर मजबूर रहे। इस दौरान कामकाजी लोगों के अलावा स्कूली बच्चों को भी खासी मुसीबतों का सामना करना पड़ा।
—–
बाक्स…
तापमान में गिरावट
नाहन (सिरमौर)। सोमवार को चौगान मैदान भी पानी से लबालब हो गया। वहीं माल रोड़ के समीप का इलाका भी पूरी तरह से जलमग्न हो गया। शहर में बीती शनिवार से जारी उमस तथा गर्मी से भी लोगों को निजात मिल गई। अचानक तेज वर्षा ने शहर के तापमान को भी लुढ़का कर रख दिया। सोमवार दोपहर बाद तापमान 28 डिग्री तक पहुंच गया। जबकि रविवार को तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकार्ड किया गया था।
बाक्स…
ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश से नुकसान
नाहन (सिरमौर)। सोमवार को आए अंधड़ तथा तेज बारिश ने ग्रामीण क्षेत्रों में भी हलचल मचा कर रख दी। जमटा, पंजाहल, रामाधौण, धगेड़ा, बिरला, भरोग बनेड़ी, महीपुर, डगराहां, कून, आरवाली, हरिपुरखोल, विक्रमबाग तथा बनकला क्षेत्र के कई हिस्सों में नुकसान की सूचना है। महीपुर के प्रकाश नेगी, हरिपुर खोल के देवराज शर्मा, बनकला के सोमदत्त, धगेड़ा पंचायत प्रधान वीरेंद्र सिंह आदि ने बताया कि दोपहर को आई तेज हवाओं ने गौशालाओं की छतें उड़ा दी।

Related posts