नाहन में आधा दर्जन घर खतरे की जद में

नाहन (सिरमौर)। बीती सोमवार देर रात आई भीषण वर्षा का प्रभाव मंगलवार को शहर के कई हिस्सों में दिखाई दिया। यहां कोर्ट स्थित वन विभाग के अरण्यपाल कार्यालय के समीप भारी डंगा धंसने से दीवार का एक हिस्सा खिसक गया, जबकि आईटीआई रोड़ के करीब संपर्क मार्ग खिसकने से लगभग आधा दर्जन घरों को खतरा पैदा हो गया है। यहां कारमल कानवेंट स्कूल के नजदीक सरस्वती भारद्वाज के मकान को भारी खतरा पैदा हो गया है। संपर्क मार्ग तथा डंगा खिसकने से यहां मलबा घर के आंगन में घुस गया है। भारी वर्षा कभी भी इस रिहायशी घर के लिए खतरा बन सकती है। इसके अलावा स्थानीय निवासी ताशी राम, देवेंद्र सिंह, सुनील कुमार, रहमान, संत राम आदि के घरों को भी भारी खतरा पैदा हो गया है। यहां सुरक्षा दीवार ढहने के कगार पर है।
इस बीच मंगलवार सुबह कुछ पलों के लिए आई छिटपुट वर्षा के अलावा दिन भर क्षेत्र में मौसम साफ रहा, जिसके चलते लोगों ने रोजमर्रा के आवश्यक कार्यों को जल्द निपटाने को प्राथमिकता दी। ग्रामीण क्षेत्रों में कई रूटों पर बसों की बहाली के चलते मंगलवार को नाहन बाजार में आम दिनों के अपेक्षा खरीददारों की आवाजाही देखी गई। उधर, नाहन बस अड्डा के सहायक प्रभारी सुखराम ने बताया कि मंगलवार को मौसम साफ रहने पर पिछले दिनों बंद पड़े आधा दर्जन सड़क मार्गों पर परिवहन की बसें बहाल की गई।

Related posts