नासिक व उज्जैन कुंभ में स्नान करेंगी राधे मां

हरिद्वार। महामंडलेश्वर बनने के बावजूद प्रयाग कुंभ में स्नान न कर पाईं राधे मां अब नासिक और उज्जैन के कुुंभ मेलों में स्नान करेंगी। उनकी शाही सवारी शान से निकाली जाएगी। शीघ्र हरिद्वार के जूना अखाड़े में राधे मां का अभिनंदन किया जाएगा। राधे मां के भावी कार्यक्रमों को अंतिम रूप देने के लिए अखाड़े की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक जूनागढ़ (गुजरात) में बुलाई गई है।
राधे मां को विगत वर्ष एक जुलाई की आधी रात को हरिद्वार के जूना अखाड़े में रातों-रात महामंडलेश्वर बनाया था। स्वयं जूना पीठाधीश्वर अवधेशानंद महाराज ने उन्हें पदासीन किया था। चर्चित राधे मां को लेकर अगले ही दिन भारी मतभेद उत्पन्न होने पर जूना अखाड़े के तत्कालीन महामंत्री ने सर्वसम्मति से उनका पद निलंबित करते हुए 11 सदस्यीय जांच समिति बैठा दी थी। इस बीच अखाड़ों के नए चुनाव प्रयाग में हुए। नई कार्यकारिणी की विगत दिनों काशी में हुई बैठक में जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट रखी। सर्वसम्मति से राधे मां को निर्दोष पाया गया और कार्यकारिणी ने समिति की रिपोर्ट स्वीकार करते हुए राधे मां का निलबंन समाप्त कर दिया। राधे मां अब अखाड़े की सभी गतिविधियों में भाग लेंगी और कुंभ के अगले शाही स्नान भी करेंगी।
जूना अखाड़े के सर्वाधिकार प्राप्त राष्ट्रीय मुख्य संरक्षक श्रीमहंत हरिगिरि ने कहा कि समिति ने सभी बिंदुओं पर जांच रिपोर्ट दी है। राधे मां के विरुद्ध कुछ भी गलत नहीं पाया गया। परिणामस्वरूप वे अब अन्य महामंडलेश्वरों की भांति अखाड़े की महामंडलेश्वर मानी जाएंगी।

Related posts