
रोहडू। सेब सीजन शुरू होते ही नाशपाती के दाम गिर गए हैं। पांच दिन पूर्व तक मंडी में नाशपाती के अच्छे दाम मिल रहे थे। अब दामों में सात सौ रुपये तक की गिरावट आई है। वहीं, सेब के दामों में भी कमी आई है।
बागवानों को पांच दिन पूर्व तक रोहडू मंडी में नाशपाती के दाम एक हजार रुपये से 1300 रुपये तक मिल रहे थे। जो अब गिरकर चार सौ रुपये से अधिकतम छह सौ रुपये पर पहुंच गए हैं। दामों में आई भारी गिरावट से बागवान चिंतित हैं। स्पर और रायल सेब के दामों में भी कमी आई है। कुछ दिन पूर्व तक मंडी में स्पर सेब के दाम 2200 रुपये से अधिकतम 2600 रुपये और रायल सेब के दाम 1700 रुपये से अधिकतम 2200 रुपये पेटी तक थे। अब दाम गिरकर स्पर सेब 1600 रुपये से 2200 रुपये और रायल सेब 1200 रुपये से 1700 रुपये पर पहुंच गए हैं। सेब सीजन के शुरूआत में ही दामों में आई गिरावट से बागवानों की चिंता भी काफी बढ़ गई है। वहीं रेड गोल्डन सेब के दाम 500 रुपये से 900 रुपये तक चल रहे हैं। रोहडू सब्जी मंडी के आढ़ती अरविंद तेगटा ने बताया कि नाशपाती के दामों में काफी गिरावट आई है। नाशपाती की पेटी अधिकतम 600 रुपये तक बिक रही है।
क्या कहना है मार्केटिंग कमेटी का
रोहडू मंडी में मार्केटिंग कमेटी के अधिकारी एचआर ठाकुर ने बताया कि नाशपाती के दामों में गिरावट आ गई है। मंडी में सेब की आमद दिन प्रति दिन बढ़ रही है। इस कारण सेब के दामों में कुछ कमी आई है।
