नालों में कूड़ा फेंकने पर नहीं लगी रोक

रामपुर बुशहर(संदीप वर्मा)शहर के साथ लगते जगातखाना और थाचवा के नालों की हालत दिन प्रतिदिन बिगड़ती ही जा रही है। क्षेत्र के लोगों को कूड़ा फेेंकने के लिए न कूड़ेदान हैं न कोई गडढ़ा, जिसमें कूड़े को नष्ट किया जा सके। पंचायत प्रतिनिधियों की अनदेखी के चलते आने वाले समय में लोगों को इसके दुष्प्रभावी नतीजे देखने को मिलेंगे।
क्षेत्र के लोग रात के समय इन नालों में अपने घर का कूड़ा-कचरा फेंकने में कोई गुरेज नहीं करते। वे भी कूड़ा डालें तो कहां डालें, न कोई डंपर न किसी गड्ढे की व्यवस्था। वहीं गर्मियों का मौसम भी आने वाला है। अगर हालात नहीं सुधरे तो आए दिन लोग अस्पतालों के चक्कर काटते दिखाई देंगे। सीवरेज और कूड़े से पनपने वाले डेंगू मच्छर और जानलेवा वेक्टीरिया लोगों का जीना मुश्किल कर देंगे। वहीं लोगों का रास्ते से गुजरना भी मुश्किल हो जाएगा।
ऐसे में पंचायत भी लाचार है न कूड़े का समाधान कर पाती है। कुछ समय पूर्व परियोजना प्रबंधन की ओर से पंचायत को एक डंपर भी दिया गया था, लेकिन कूड़ा भरने के बाद उसे उठाया नहीं गया। क्षेत्र का कूड़ा और सीवरेज सतलुज नदी को भी दूषित कर रहा है। इस बारे में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ ललित ठाकुर का कहना है कि बोर्ड ने कई बार पंचायत को सीवरेज और कूड़े के बारे में नोटिस जारी किए हैं, लेकिन पंचायत ने इस बारे में कोई जवाब नहीं दिया है। अब कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts