नाली नहीं, पानी आखिर जाए तो कहां

पानी की निकासी का रास्ता न होने के कारण न्यू कालोनी के पांच परिवारों का रास्ता बरसात में जलभराव के तालाब मे बदल गया है। लोगों को दूसरे घरों से रास्ता मांगकर अपने घरों तक पहुंचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। कई बार नगर निगम के अधिकारियों और नेताओं से शिकायत कर दी लेकिन फिर भी किसी ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया।

बाहर से काफी खूबसूरत
बल्लूपुर चौक के करीब बसी न्यू कालोनी बाहर से काफी खूबसूरत दिखाई देती है, लेकिन अंदर घुसते ही खस्ताहाल सड़कें इसकी हालत बयां करने लगती हैं। कालोनी में बड़े-बड़े घर बने हुए हैं, लेकिन पानी की निकासी का कोई रास्ता नहीं है। इस कारण जरा सी बारिश में यहां जलभराव की समस्या आम है। कालोनी के अंतिम सिरे पर पहुंचते-पहुंचते यह समस्या विकट हो जाती है।

सड़क किनारे नाली न होने से सारा पानी सड़क पर जमा हो जाता है, इस कारण लोगों का पैदल निकला मुश्किल हो जाता है। इस कारण करीब 6 परिवार प्रभावित हो रहे हैं। दरअसल नगर निगम के अंतर्गत आने वाली सड़क को 2006-07 में विधायक हरबंस कपूर ने विधायक निधि से बनवाया था। इसमें 1.20 लाख रुपए भी खर्च किए गए थे।

पानी निकासी का कोई प्रबंध नहीं
मगर बरसात में पानी निकासी का कोई प्रबंध नहीं किया गया। इस कारण तभी से यह समस्या शुरू हो गई। पहले तो सड़क के सामने का प्लॉट खाली था, जिस कारण पानी निकल जाता था, लेकिन यहां भी मकान बनने से पानी निकासी का रास्ता ही बंद हो गया है। इस कारण राजाराम भदूला, ओमप्रकाश भदूला, नारायण दत्त, सरस्वती, राजेंद्र शर्मा को दूसरों के घरों से रास्ता मांगकर निकलना पड़ रहा है।

Related posts