नालियों पर कब्जा, पानी सड़कों पर

श्रीनगर। बरसात शुरू होने वाला है, लेकिन पालिका और स्थानीय प्रशासन बरसात के पानी की निकासी को लेकर संजीदा नहीं है। जगह-जगह नालियां टूटी और संकरी होने से पानी की निकासी नहीं हो पाती है, जिससे बारिश होते ही सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं।
घरों से निकलने वाले पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होना और बरसाती नालों पर किया गया अतिक्रमण क्षेत्र भर के लिए परेशानी का सबब बन सकता है। जगह-जगह टूटी हुई संकरी नालियां होने के कारण नगर क्षेत्र के मुख्य मार्गों पर थोड़ी सी बरसात में ही पानी अवरुद्ध हो जाता है। श्रीकोट से लेकर भक्तियाना तक गलत नक्शे पास कराकर बने भवनों में निकासी के लिए स्थान नहीं छोड़ा गया है।

कुछ दिनों पूर्व ही हमने नालियों के ऊपर बने स्लैब खुलवाए और उनकी सफाई की है। कुछ जगहों पर लोगों ने नालियों के ऊपर स्लैब बनाकर पत्थर लगाया हुआ है। इन्हें भी तुड़वा दिया जाएगा। साथ ही अगर कहीं नगरपालिका की जमीन पर अतिक्रमण पाया गया, तो उसे हटाया जाएगा।
बिपिन मैठाणी, अध्यक्ष नगर पालिका

नगर पालिका क्षेत्र में सफाई, पानी निकासी की जिम्मेदारी पालिका की है। सफाई व्यवस्था को लेकर नगर पालिका को निर्देशित किया गया है। यदि अतिक्रमण की कहीं सूचना मिलती है, तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।
-रजा अब्बास, एसडीएम श्रीनगर

Related posts