नालागढ़ व बद्दी में बनेगी सीवरेज

नालागढ़ व बद्दी में बनेगी सीवरेज
नालागढ़ (सोलन)। औद्योगिक हब बीबीएन के बद्दी और नालागढ़ शहर में अब जल्द ही सीवरेज व्यवस्था मुहैया होगी। बीबीएन के बड़े शहरों बद्दी और नालागढ़ में सीवरेज सुविधा मुहैया करवाने के लिए सरकार ने 50 करोड़ रुपये की धनराशि मुहैया करवा दी है। इसमें नालागढ़ में 16.37 करोड़ और बद्दी में 33.34 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च होगी। यह सीवरेज वर्ष 2045 की जनसंख्या के लिहाज से बनाई जाएगी, जिससे दोनों शहरों की सुंदरता बनी रहे, वहीं मल निकासी सही ढंग से हो सके। नालागढ़ शहर में संभावित 36239 और बद्दी में 57522 लोगों की जनसंख्या की तर्ज पर यह सीवरेज आगामी 32 वर्षों के लिए बनाई जाएगी और इसी योजना के अनुरूप दोनों सीवरेज प्रणाली का काम किया जाना है।

सीवरेज बनाते समय यह रखा जाएगा ध्यान
नालागढ़ में बनने वाली सीवरेज के लिए 25 किलोमीटर में 150 से 300 एमएम डाया वाली पाइप लाइन बिछाई जाएगी और बद्दी में 61 किलोमीटर सीवरेज की पाइपें डाली जाएंगी, जिसका डाया 150 से 400 एमएम तक होगा। नालागढ़ में सीवरेज से निकलने वाला 4.14 मिलियन लीटर गंदा पानी प्रतिदिन के हिसाब से ट्रीट किया जाएगा और बद्दी में 5.03 मिलियन लीटर को सीईटीपी के साथ क्लब किया जाएगा। नालागढ़ में ट्रीटमेंट प्लांट के स्थल का चयन कर लिया था, लेकिन लोगों ने इसका विरोध किया था, जिसके चलते इसके लिए नए स्थल की तलाश की जा रही है, जहां ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाएगा। नप बद्दी अध्यक्ष मदन चौधरी, नप नालागढ़ अध्यक्ष अल्का वर्मा, पार्षद नीलम सचदेवा, शमीम अख्तर, सुजाता मढ़िया, डीएस खुल्लर, पुष्पा भंडारी आदि ने केंद्र सरकार सहित मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा का आभार जताया। इस संबंध में आईपीएच के अधिशाषी अभियंता सुनील कनोत्रा के अनुसार नालागढ़ और बद्दी सीवरेज के लिए 50 करोड़ की धनराशि स्वीकृत हो गई है और जल्द ही इसका काम शुरू कर दिया जाएगा।

Related posts