नालागढ़ में मुद्रिका बस सेवा आरंभ

नालागढ़ (सोलन)। परिवहन निगम नालागढ़ ने बीबीएन क्षेत्र के कामगारों, कर्मचारियों और स्कूली विद्यार्थियों को लाभ पहुंचाने के दृष्टिगत पहली मुद्रिका बस सेवा की शुरूआत की है। यह बस सेवा औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन के हर मुख्य क्षेत्र से होकर जाएगी, जिससे काफी संख्या में लोगों को लाभ मिलेगा।
वीरवार को इस बस सेवा का शुभारंभ परिवहन निगम नालागढ़ के क्षेत्रीय प्रबंधक राजकुमार जरयाल और नप बद्दी के अध्यक्ष चौधरी मदन ने किया। यह बस सेवा प्रतिदिन सुबह 6:30 बजे बरोटीवाला से चलेगी और काठा, लक्कड़ डिपो, वर्धमान, बददी, इंडो फार्म, भुड्ड बैरियर, इंडो फार्म, बरोटीवाला, एलेंबिक, झाड़माजरी, बद्दी और नालागढ़ से होती हुई वापस बरोटीवाला पहुंचेगी। परिवहन निगम नालागढ़ की क्षेत्र में मुद्रिका बस सेवा नहीं चलती थी और क्षेत्र के लोगों ने बारंबार इस मांग को परिवहन विभाग के समक्ष रखा था। नप बद्दी के अध्यक्ष मदन चौधरी ने परिवहन निगम नालागढ़ की इस मुहिम का स्वागत किया है। वहीं परिवहन निगम नालागढ़ के क्षेत्रीय प्रबंधक राजकुमार जरयाल ने कहा कि लोगों की मांग पर यह मुद्रिका बस सेवा शुरू की गई है और खास ध्यान रखा गया है कि हर क्षेत्र इस बस सेवा से जुड़ सकें

Related posts