नालागढ़ में बनेगा शापिंग कांप्लेक्स

नालागढ़ (सोलन)। करीब दस वर्षों से अधर में फंसे पायलट प्रोजेक्ट के शॉपिंग कांपलेक्स के निर्माण को नगर परिषद नालागढ़ ने मासिक बैठक के दौरान हरी झंडी दी है। बेरोजगार को स्वरोजगार प्रदान करवाने के मकसद से इस शॉपिंग कांप्लैक्स में 22 दुकानों और 9 शोरूम का निर्माण होगा। एक किनारे पर दोपहिया वाहनों की पार्किंग की भी व्यवस्था होगी।
तकनीकी स्वीकृति मिलते ही निर्माण शुरू होने का दावा किया जा रहा है। वहीं नगर परिषद की दुकानों के किराए पर कुंडली मारे बैठे डिफाल्टरों पर शिकंजा कसने का फैसला बैठक में लिया गया। 25 हजार से अधिक बकाये वाले किराएदारों को नोटिस जारी करने पर सहमति बनी है। वहीं किराया जमा न करवाने की सूरत में आगामी कार्रवाई करने पर फैसला लिया गया है। बैठक में रिक्त पदों को भरने पर भी चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता नप अध्यक्ष अलका वर्मा ने की। ईओ सुधीर शर्मा के अलावा बैठक में परिषद के सर्वेयर बलजीत राणा, नगर परिषद उपाध्यक्ष सुभाष बल्ली, पार्षद नीलम सचेदवा, शमीम अख्तर, प्रेमलता, सुजाता मढ़िया, देवीशरण खुल्लर, गुरविंदर, सरोज रतन और पुष्पा भंडारी मौजूद रहे।

दूधिया रोशनी से नहाएगा नालागढ़
परिषद पर्यटन विभाग के सहयोग से शहर में हाई मास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। एक रोपड़ चौक, दूसरी बीडीओ कार्यालय परिसर के समीप लगेगी। वहीं शहर के दुर्गा माता मंदिर के समीप भी क्षेत्र के उद्योग के सहयोग से हाई मास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। इससे लोगों को रात्रि के समय आवागमन में राहत होगी, वहीं शहर की सुंदरता भी बढ़ेगी।

ट्रैफिक बंद का होगा समर्थन
पहली जुलाई से नालागढ़ शहर में ट्रैफिक बंद और मालरोड की तर्ज पर लोगों को वाहनों से निजात दिलवानेे की प्रशासन की योजना में परिषद पूर्ण सहयोग करेगी। लोगों से इन आदेशों की अनुपालना करें, जिससे यह योजना कारगर ढंग से लागू हो सके।

Related posts