नालागढ़ में दिनदिहाड़े बुजुर्ग के 50 हजार लूटे

नालागढ़/ कसौली (सोलन)। कसौली में एक लाख की रकम दिनदिहाड़े गायब करने के बाद अब बिल्कुल वैसी ही वारदात औद्योगिक नगरी बीबीएन में भी हुई है। पैसे निकालने पहुंचे एक रिटायर्ड फौजी के खून पसीने की 50 हजार रकम पर शातिरों ने हाथ साफ कर दिया है। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है। पंद्रह दिन पहले कसौली में भी इसी तरह एक बुजुर्ग से एक लाख की रकम चोरी गई है। लिहाजा अंदेशा जताया जा रहा है कि युवक बैंक की रेकी करते हैं। बुजुर्ग को निशाना बनाया जाता है। पैसा निकालकर बाहर निकलते ही कमीज पर गंदगी डाल दी जाती है। व्यक्ति जैसे ही कमीज धोने के लिए रुकता है, उससे नकदी गायब की जाती है।
बुधवार को नालागढ़ रोपड़ मार्ग पर स्थित बैंक से किशनपुरा निवासी पुरुषोत्तम 50 हजार रुपये की नकदी निकाल कर बाहर निकला और जब वह रोपड़ मार्ग पर नालागढ़ की ओर पैदल आ रहा था तो वह इसी मार्ग पर शिव मंदिर के पास पानी के नल के पास पहुंचा और पानी पीने और कमीज पर लगे दाग को धोने के लिए रुका। पुरुषोत्तम ने रुपये एवं अन्य दस्तावेजों वाले बैग को पानी की टंकी पर रखा और वह कमीज में से दाग धोने लगा कि इतने में शातिरों ने उसका बैग ही उड़ा लिया। पुरुषोत्तम वापिस बैंक पहुंचा और बैंक के आसपास भी उसने बैग तलाशा। बैंक के पास पुलिस गार्द के जवानों से उसने इस बारे में कहा, जिस पर पुलिस कर्मी भी बैग तलाशने लगे मगर बैग न मिला। पुलिस कर्मियों ने पुरुषोत्तम को पुलिस थाना जाने की सलाह दी, जिस पर वह पुलिस स्टेशन पहुंचा और उसके साथ घटा वृत्तांत सुनाया।
डीएसपी नालागढ़ सुशील शर्मा ने कहा कि पुलिस के संज्ञान में मामला आया है। इसकी जांच की जा रही है। उधर कसौली में वारदात को अंजाम देने वाले युवक पंद्रह से बीस साल के बताए जा रहे हैं। उनका हुलिया कसौली स्थित बैंक के सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ है।

Related posts