
उदयपुर (लौहल-स्पीति)। सड़क सुविधा न मिलने और पुल का निर्माण कार्य शुरू न होने से खफा नालड़ा पंचायत के लोगों ने लोस उपचुनाव का बहिष्कार करने का ऐलान किया है। नालड़ा पंचायत के लोगों के इस ऐलान के बाद डीसी वीर सिंह नालड़ा के लिए रवाना हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार प्रशासन ने नालड़ा पंचायत के करीब 500 मतदाताओं के लिए नालड़ा और जसरथ में एक-एक पोलिंग बूथ स्थापित किया है। यहां पर पोलिंग पार्टियां भी पहुंच चुकी है। लेकिन उपचुनाव से ठीक एक दिन पहले नालड़ा पंचायत के लोगों ने उपचुनाव के बहिष्कार का ऐलान कर दिया है। पंचायत उपप्रधान शेर चंद गौतम, पंच पन्नालाल और पंच प्रेम लाल ने बताया कि नालड़ा पंचायत के नालड़ा और जसरथ गांव आज भी मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। किसी भी सरकार ने उनकी मांगों पर गौर नहीं किया। इस कारण पंचायत के लोगों ने चुनाव का बहिष्कार करने का फैसला लिया है। उन्होंने बताया कि मनाली-किलाड़ मार्ग से महज डेढ़ किलोमीटर दूर वामतट पर स्थित जसरथ गांव आज भी सड़क सुविधा से वंचित है। लाहौल के लगभग सभी गांवों में सड़क सुविधा है। इसके अलावा नालड़ा गांव के लोग चिनाब की धारा पर बन रहे पुल का काम इस साल भी शुरू न होने से खफा हैं। इस कारण इन दोनों गांवों के करीब 500 मतदाताओं ने वोट न देने का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि जसरथ और नालड़ा में चुनावों के लिए एक-एक पोलिंग बूथ स्थापित किए हैं। उधर उपायुक्त लाहौल-स्पीति वीर सिंह ठाकुर ने कहा कि उन्हें जसरथ पंचायत वासियों के उपचुनाव के बहिष्कार की सूचना मिली है। बताया कि वे नालड़ा के लोगों को समझाने जा रहे हैं।
