नारायणबगड़ में अब चावल का संकट

कर्णप्रयाग। नारायणबगड़ ब्लाक में जहां बारिश संकट बनकर बरसी वहीं अब प्रशासन की लापरवाही से यहां चावल का संकट बन रहा है। जुलाई में यहां एपीएल उपभोक्ताओं के लिए चावल ही नसीब नहीं हुआ तो बीपीएल, अंत्योदय के उपभोक्ताओं को भी आधा कोटा ही मिल पाया है।
आपदा से सबसे अधिक थराली तहसील का नारायणबगड़ ब्लाक प्रभावित हुआ है। यहां सड़क, पैदल मार्ग बंद होने से गांवों में खाद्यान्न संकट गहरा गया था लेकिन अब विभागीय लापरवाही भी कोढ़ में खाज का काम कर रही है। जुलाई में यहां एपीएल उपभोक्ताओं को चावल की सप्लाई ही नहीं हुई। जबकि बीपीएल के 325 कुंतल चावलों के सापेक्ष केवल 120 कुंतल चावल ही विभाग को मिला। अब खाद्य विभाग के गोदाम में केवल गेहूं ही शेष है वो भी मात्र 200 कुंतल के करीब। ऐसे में यदि बारिश बढ़ती तो विकासखंड के तकरीबन 81 ग्राम पंचायतों में खाद्यान्न संकट बढ़ सकता है।

बंद रास्तों ने रोकी राहत की राह
ब्लाक के अधिकांश गांवों को जाने वाले पैदल मार्ग बंद होने से यहां सरकार द्वारा दिए जाने वाला नि:शुल्क राशन नहीं बंट पा रहा है। अभी भी विकासखंड के खाद्य विभाग के पास 700 से अधिक पैकेट राहत के राशन के पड़े हैं। पूर्ति निरीक्षक के अनुसार मार्ग बंद होने से मजदूरी अधिक होने के चलते डीलर इस नि:शुल्क राशन को उठाने को तैयार नहीं हैं। सरकार द्वारा आपदा प्रभावित क्षेत्रों में 15 किलो चावल, 15 किलो आटा सहित 5 किलो दाल और मसाला सहित अन्य खाद्य सामग्री के नि:शुल्क पैकेट दिए जाने का प्रावधान है।
ब्लाक में चावल की सप्लाई हल्द्वानी बेस गोदाम से हरपाल ट्रांसपोर्ट कंपनी से होती है। दो माह से कंपनी ने सप्लाई नहीं दी है। ऐसे में विभाग के पास चावल का कोटा नहीं है। जिससे आपदा प्रभावित क्षेत्र में समस्या हो सकती है। – बीपी ध्यानी, पूर्ति निरीक्षक नारायणबगड़ चमोली

Related posts