नाराज ग्रामीणों ने सीईओ को घेरा

पिथौरागढ़। कालका जीआईसी शिक्षा निदेशक सीएस ग्वाल की गृह तहसील धारचूला का विद्यालय है। लेकिन इसके हालात इस कदर खराब है कि गांव के लोगों को 95 किमी दूर पिथौरागढ़ आकर शिक्षाधिकारियों के सम्मुख प्रदर्शन करना पड़ रहा है। शिक्षकों की कमी से लेकर खस्ताहाल भवन की शिकायत करते हुए नागरिकों ने जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
शिक्षक-अभिभावक संघ (पीटीए) के अध्यक्ष भीम सिंह कार्की के नेतृत्व में नागरिकों ने प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि एक साल से कालका में प्रधानाचार्य नहीं है। गणित, अर्थशास्त्र, संस्कृत के प्रवक्ता के पद खाली होने से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं प्रयोगशाला भवन नहीं होने से बच्चों के लिए प्रायोगिक परीक्षा औपचारिकता बन गई है। फर्नीचर के बगैर बच्चे जमीन में बैठने को मजबूर हैं। अभिभावकों ने कहा कि करीब ढाई दशक पुराना भवन बेहद जीर्णशीर्ण होने से खतरे की जद में है। लेकिन कई बार मांग किए जाने पर भी नए भवन के लिए कोई पहल नहीं की गई है।
इन तमाम मसलों को लेकर शिक्षा भवन के सम्मुख प्रदर्शन और मुख्य शिक्षा अधिकारी का घिराव किया गया। प्रदर्शन में जिला पंचायत सदस्य धन सिंह धामी, एबीवीपी के प्रदेश मंत्री बसंत जोशी, कवींद्र देवली, विपिन जोशी, महेंद्र आदि शामिल थे। उधर सीईओ वीके टम्टा ने इन मसलों के समाधान के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजने की बात कही है।

Related posts