
कुमारसैन (शिमला)। नारकंडा का ऐतिहासिक हाटू मेला रविवार को शुरू होगा। हर साल ज्येष्ठ महीने के पहले रविवार से शुरू होने वाले मेले के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स शनिवार देर शाम नारकंडा पहुंचे। यहां पहुंचने पर दोनों का भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर सीपीएस नंद लाल, सीपीएस रोहित ठाकुर, नगर पंचायत अध्यक्ष ओपी शर्मा, निदेशक पर्यटन रूपेश शर्मा, निदेशक हिमफेड बहादुर सिंह ठाकुर, एपिडा निदेशक प्रकाश ठाकुर, जिला ग्रामीण अध्यक्ष केहर सिंह खाची, जिला परिषद अध्यक्ष चंद्रेश्वर आदि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री और आईपीएच मंत्री रविवार तड़के हाटू मंदिर के लिए रवाना होंगे और मां के मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे। हाटू मंदिर कमेटी के अध्यक्ष कंवर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मेले के सफल आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुबह वीआईपीज के दर्शन के बाद आम लोग मां के दर्शन कर सकेंगे। मेला अगले तीन और रविवार भी जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि मां हाटूवाली सच्चे मन से यहां आने वाले अपने हर भक्त की मनोकामना पूरी करती है। इस बार चारों रविवार को मंदिर में हजारों भक्तों के आने की उम्मीद की जा रही है। भारी भीड़ जुटने के मद्देनजर यातायात, पार्किंग और पेयजल समेत सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
मुख्यमंत्री 19 मई, 2013 को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री जलोग में जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
पशाडा में नेपाली का शव मिला
रामपुर बुशहर। रचोली पंचायत के पशाडा में एक नेपाली का शव मिला है। मृतक की पहचान अती राम के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा दिया है। मामला दर्ज कर मौत के कारणों की तफ्तीश की जा रही है।
