नायब तहसीलदार के तबादले पर गुस्सा

कोटली (मंडी)। उप तहसील कोटली से नायब तहसीलदार का अचानक तबादला कर दिए जाने से तुंगलघाटी के लोग भड़क गए हैं। लंबे इंतजार के बाद नायब तहसीलदार की तैनाती हुई थी, मगर ढाई माह बाद फिर लोगों को मायूस होना पड़ा है। लोगों ने सरकार से इस तबादले को तत्काल रोकने की मांग की है। इस मसले को लेकर पंचायत प्रतिनिधियाें का प्रतिनिधिमंडल पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा से भी मिला है। ग्राम पंचायत कोटली के प्रधान चमन लाल, पूर्व प्रधान मोहन सिंह, ग्राम पंचायत सुराड़ी की प्रधान पूनम, पूर्व प्रधान गिरधारी लाल, धन्यारा की प्रधान गीता देवी, खलाणू प्रधान शारदा देवी, कसाण की प्रधान रजनी देवी, भरगांव की दमा देवी, कोटली के वार्ड पंच रोशन लाल, साई पंचायत के पूर्व उपप्रधान हेमराज, एससी एवं एसटी कार्पोरेशन कोटली इकाई के हुक्म चंद आदि का कहना है कि एक वर्ष तक पद रिक्त रहने के बाद इसे भरा गया। लोगों ने बार-बार इस मसले को उठाया। अब ढाई माह बाद ही नायब तहसीलदार को अन्य जगह तबदील कर दिया गया है। पंचायत प्रतिनिधियाें का कहना है कि पूर्व में 26 अगस्त 2012 को नायब तहसीलदार का यहां से तबादला हुआ था। इसके बाद 10 माह तक नायब तहसीलदार का पद रिक्त रहा। लोगाें के बार-बार आग्रह के बाद मई 2013 में ही नायब तहसीलदार की नियुक्ति हुई थी। लोगाें ने सरकार तथा पंचायतीराज मंत्री अनिल शर्मा से नायब तहसीलदार के तबादले पर तुरंत प्रभाव से रोक लगाने की मांग की है।

Related posts