
फतेहपुर (कांगड़ा)। आम आदमी पार्टी के कांगड़ा-चंबा संसदीय सीट से प्रत्याशी डा. राजन सुशांत ने दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में जनता के आशीर्वाद से जीत हासिल करेंगे। फतेहपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुशांत ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद प्रदेश की रेललाइनों को ब्राडगेज में तबदील करने की उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही जनता की सहूलियत को देखते हुए बसों के समय की तर्ज पर रेलगाड़ियां चलवाना और नई ट्रेनें शुरू करने के मुद्दे को भी अपनी प्राथमिकता में शामिल करेंगे। सुशांत ने कांग्रेस व भाजपा पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में पूरे देश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है। इससे आम आदमी पूरी तरह त्रस्त हो चुका है। 16 मई को लोकसभा चुनाव के नतीजों में भाजपा व कांग्रेस को जनता का जवाब मिल जाएगा। सुशांत ने भाजपा प्रत्याशी शांता कुमार पर भी जमकर शब्द बाण चलाए। कहा कि 21 अप्रैल को नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख के बाद चुनाव में उतरे प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हो जाएगी और उसी दिन मीडिया के माध्यम से शांता कुमार के काले चिट्ठों का पहला अध्याय उगाजर किया जाएगा। दावा किया कि प्रदेश की जनता के सामने शांता कुमार का असली चेहरा लाएंगे। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता बिट्टू शर्मा और परस राम भी मौजूद रहे।
