
सरकाघाट (मंडी)। नाबालिग की गुमशुदगी के मामले में पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। आरोपी नाबालिग को भगा ले गया था। आरोपी युवक अभी छात्र ही है, जो एक निजी संस्थान से बीसीए कर रहा है। रविवार को आरोपी नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व गैहरा के एक गांव से 15 वर्षीय नाबालिग की गुमशुदगी का मामला प्रकाश में आया था। बुधवार को सरकाघाट पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक गैहरा निवासी अनिल कुमार पुत्र प्रकाश चंद रविवार को नाबालिग को घर से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। रविवार को लड़की के माता-पिता किसी काम से बाहर गए हुए थे। जबकि लड़की की बड़ी बहन भी घर पर नहीं थी, जो अपने ननिहाल गई हुई थी। स्कूल से छुट्टियां होने के चलते नाबालिग ही घर पर थी।
पुलिस ने लड़की का मेडिकल करवाकर परिजनाें को सौंप दिया है। वहीं युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। नाबालिग नवीं कक्षा की छात्रा है। वहीं, पकड़े जाने पर युवक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। इधर, मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सरकाघाट संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस ने भादसं की धारा 363 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस पूछताछ कर रही है।
