
पालमपुर (कांगड़ा)। इलाके के दो लोगों पर एक नाबालिगा के साथ दुराचार करने का आरोप लगा है। दोनों आरोपी आपस में नजदीकी रिश्तेदार बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार पालमपुर के साथ लगते एक गांव में किराये पर रह रहे एक दंपति की नाबालिग बेटी (15) को एक युवक 11 जुलाई को बहला-फुसला कर अपने साथ ले गया। उसके बाद उसने अपने एक अन्य रिश्तेदार को भी बुला लिया और कथित तौर पर उसके साथ दुराचार किया। लेकिन बाद में लड़की किसी तरह उनके चंगुल से छूटकर अपने घर आ गई। लड़की ने आते ही अपनी माता से आपबीती कही। इसके बाद लड़की की माता ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि लड़की की माता ने पहले पुलिस को दी गई शिकायत में कहा था कि वे पालमपुर के पास एक गांव में किराये के मकान में रहते हैं। उसकी पंद्रह वर्षीय बड़ी बेटी 11 जुलाई को दुकान से सामान लेने गई थी। लेकिन वह वापस नहीं आई। इस पर उन्होंने अगले दिन उसे किसी व्यक्ति द्वारा भगा ले जाने की शिकायत दर्ज करवा दी थी। लेकिन उसके बाद लड़की घर वापस आ गई। उसने आते ही अपने साथ दुराचार होने की बात कही थी। इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज करवा दी गई। उधर, डीएसपी मनमोहन सिंह ने कहा कि पुलिस ने दुराचार के मामले में हितेश उर्फ विशाल व कमलेश निवासी चंबा को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों रिश्ते में नजदीकी रिश्तेदार हैं। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
