नाबार्ड से दो करोड़ 25 लाख का बजट स्वीकृत

झंडूता (बिलासपुर)। झंडूता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत समोह-गेहड़वीं-थुराण संपर्क सड़क पर जल्द ही आरामदायक सफर होगा। लोक निर्माण विभाग ने सड़क दुर्दशा सुधारने का कार्य शुरू कर दिया है। इसके लिए विभाग को नाबार्ड के तहत दो करोड़ 25 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। विभागीय दावा है कि करीब एक साल के भीतर सड़क का काम पूरा कर लिया जाएगा।
समोह-गेहड़वीं-थुराण संपर्क सड़क की दुर्दशा होने के कारण कई दुर्घटनाएं घट चुकी हैं। जगह-जगह सड़क पर पड़े गहरे गड्ढे पड़े हुए हैं। जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा। नाबार्ड के तहत स्वीकृत हुए बजट से सड़क की चौड़ाई, टारिंग, बैरिंग कार्य किया जाएगा। करीब दो दर्जन पुलियों का निर्माण और कई स्थानों पर विंग वॉल, डंगों का निर्माण भी होगा। गौरतलब है कि स्थानीय लोग लंबे समय से सड़क मरम्मत कार्य की मांग कर रहे थे। बजट के अभाव के चलते विभाग भी सड़क का मरम्मत कार्य करवाने में असमर्थ था। अब विभागीय प्रयासों के चलते सड़क कार्य के लिए नाबार्ड के तहत बजट स्वीकृत हुआ है।
लोक निर्माण विभाग घुमारवीं के अधिशासी अभियंता पीसी वर्मा ने कहा कि समोह-गेहड़वीं-थुराण संपर्क सड़क के लिए नाबार्ड के तहत दो करोड़ 25 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

Related posts