
रोनहाट (सिरमौर)। पंचायत नैनीधार के नाणेश्वर शिव मंदिर में मंगलवार को मकर संक्रांति के पर्व पर भारी धूम रही। नाणेश्वर शिव महाराज के दर्शन करने के लिए तड़के ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस मौके पर क्षेत्र की द्राबिल, झकांडो, हलांह, रास्त, सखोली, लोजा मानल, नैनीधार सहित तकरीबन 13 पंचायतों के ग्रामीणों ने मंदिर में माथा टेका।
इस दौरान श्रद्धालु अपने साथ कढ़ाई, हलवा, श्रीफल, गुड़, दाल, चौलाई व तिल आदि चढ़ाने को अपने साथ लेकर आए। क्षेत्र में नैनीधार स्थित नाणेश्वर शिव मंदिर ऐतिहासिक तथा प्राचीन है। साथ ही जिला सिरमौर के पर्यटक स्थलों में भी यह तेजी से अपना स्थान बना रहा है। नाणेश्वर शिव मंदिर कमेटी के अध्यक्ष वीर सिंह ठाकुर ने बताया कि मकर संक्रांति के मौके पर मंदिर में देर शाम तक भक्तों का तांता लगा रहा। इस दौरान मंदिर परिसर में जिला परिषद सदस्य दलीप सिंह चौहान की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। दलीप सिंह चौहान ने इस मौके पर मंदिर को कंबल आदि आवंटित करने के लिए 10 हजार की राशि भेंट के रूप में प्रदान की। बैठक के दौरान मंदिर प्रांगण को संवारने के लिए राज्य सरकार से लगभग दो लाख की मांग की गई। इस अवसर पर मंदिर पुजारी जगत सिंह, भंडारी नैनी सिंह, पवन सिंह सिंगटा, कुंदन सिंह ठाकुर, मोहन नंबरदार, पाणिया राम, भादर सिंह, तुलसी राम ग्यार सिंह, खजान राणा, गुलाब सिंह व ज्वाला राम राणा आदि उपस्थित थे।
