
चैलचौक (मंडी)। नाचन क्षेत्र की सड़कें भारी बरसात से खस्ताहाल हैं। विभाग मुख्य सड़कों को तो बहाल कर रहा है, लेकिन संपर्क सड़कें अभी बंद हैं। इससे सैकड़ों लोगो को हर रोज दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है।
चैलचौक सहित कोट-देवीदहड़, जाच्छ-लोट, भुरनी-सुरांढी संपर्क सड़कों की हालत खस्ता है। चैलचौक-मौवीसेरी सड़क कोहलू गांव के पास टूट चुकी है। बारिश के कारण सड़क की टारिंग उखड़ गई है, जबकि पानी की निकासी के लिए बनाई गई पक्की नालियों का भी नामोनिशान मिट गया है। मौवीसेरी-कोटमोर्स सड़क पर भी जगह-जगह ल्हासे गिरे हुए हैं। इधर, नाचन भाजपा ने सड़कों की हालत जल्द से जल्द सुधारने की मांग की है। नाचन भाजपा महामंत्री हुक्म सिंह ठाकुर का कहना है कि संपर्क सड़कों की खस्ता हालत से ग्रामीण क्षेत्रों से सेब, आलू तथा अन्य नगदी फसलों की खेप मंडियों तक नहीं पहुंच रही है। इस बारे में विभाग के अतिरिक्त सहायक अभियंता चैलचौक वाईएस ठाकुर का कहना है कि मुख्य सड़क बहाल है। लिंक रोड बहाल करने के लिए विभाग की मशीनरी तथा कर्मचारी लगे हुए हैं।
