
गैरसैंण। बछुवावांण-मेहलचौरी-बैजरों (बीएमबी) मोटर मार्ग पर तमनी घाट (रोहिडा) के पास स्क्रबर टूटने से नागुचलाल खाल के बड़े वाहनों की आवाजाही नहीं हो रही है, जिससे रसद, सब्जी और अन्य वस्तुओं की सप्लाई ठप हो गई है।
गत 24 जुलाई की रात को अतिवृष्टि में बहे स्क्रबर से समस्या पैदा हो गई है। लोनिवि ने छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए तो मार्ग खोल दिया है, लेकिन बस और ट्रक का संचालन अब भी बंद है। जनपद अल्मोड़ा और पौड़ी के दो दर्जन से अधिक गांवों के मध्य में स्थित नागचुला खाल में सब्जी तक नहीं मिल रही है। इधर, युवा कांग्रेस नागचुला खाल के अध्यक्ष त्रिलोक बेलवाल ने बताया कि लोनिवि को बड़े वाहनों के लिए मार्ग खोलने के लिए आवेदन देने के साथ निवेदन भी किया गया, लेकिन विभागीय स्तर पर कोई प्रयास नहीं किए गए हैं। उन्होंने मार्ग पर जल्द बड़े वाहनों की आवाजाही सुचारु नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
