
धर्मशाला। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरा में डाक्टर और स्टाफ नर्स के रात्रि सेवाओं से गैरहाजिर रहने पर सीएम वीरभद्र सिंह के आदेश पर कार्रवाई हुई है। औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल से डा. निखिल वर्मा और स्टाफ नर्स अंजली ड्यूटी से नदारद पाए गए। इसे लेकर पिछले रोज खैरावासियाें ने सीएम को भी अवगत करवाया था। सीएम वीरभद्र सिंह ने भी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। लोगों की शिकायत पर सीएम ने सीएमओ को जांच करने के आदेश दिए थे।
इसके बाद रात को बीएमओ भवारना एसके सूद को अस्पताल में औचक निरीक्षण करने के आदेश मिले। बीएमओ रात को अस्पताल के निरीक्षण पर पहुंचे मगर अस्पताल गेट पर ताला लटका हुआ था। इसके बाद सुबह एमएचओ को अस्पताल में निरीक्षण के लिए भेजा गया। इस दौरान भी सुबह आठ बजे अस्पताल के गेट का ताला नहीं खुल पाया था। इसके बाद एमएचओ ने अपनी रिपोर्ट सीएमओ को सौंपी। सीएमओ ध्रुव एस. गुरुंग ने तमाम कार्रवाई के बारे में सीएम वीरभद्र सिंह को अवगत करवाया। अब डाइज नॉन के तहत कार्रवाई की गई है। इसके तहत अब डाक्टर और नर्स की पिछली सेवाएं नहीं गिनी जाएंगी। इसे लेकर दोनों को अपनी स्थिति भी स्पष्ट करनी होगी। उधर, सीएमओ ने बीएमओ भवारना और एसएमओ खैरा अस्पताल को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इनको तीन दिन के अंदर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी होगी। दोनों पर समय-समय पर अस्पताल का दौरा न करने को लेकर कार्रवाई की जा रही है। सीएमओ डा. ध्रुव एस. गुरुंग ने बताया कि चिकित्सक और नर्स ड्यूटी से गैरहाजिर थे, जबकि इन दोनों की नाइट ड्यूटी लगाई गई थी। अब इनकी पिछली सेवाएं नहीं गिनी जाएंगी। दोनों अस्पताल में नियमित सेवाएं दे रहे हैं।
