नहीं सुधरे हालात, मार्ग बंद

नहीं सुधरे हालात, मार्ग बंद
बद्दी (सोलन)। बीबीएन के आधा दर्जन मार्गों पर दूसरे दिन भी बसें नहीं चली। मलबा आने और बारिश के कारण फिसलन होने से यह समस्या आई है। ऐसे में लोगों को मीलों पैदल सफर करना पड़ रहा है। यातायात सुविधा ठप होने से किसानों की नकदी फसलें भी खेतों में ही खराब हो रही हैं।
नालागढ़ से अलेवण जाने वाली बस बडवां तक ही जा रही है। बड़वां से आगे मार्ग कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो गया है। अलेवण के लोग बड़वा से आगे पैदल ही सफर तय कर रहे हैं। तालड़-साईं मार्ग जमराठी के समीप मलबा आने से खराब पड़ा है। बद्दी-घरेड़ -साईं मार्ग पर बस घरेड़ तक ही जा रही है। दिन के समय इस मार्ग पर चलने वाली बस भी मार्ग बंद होने से नहीं चल रही है। चमधार मार्ग पर सोलिंग उखड़ जाने से निगम ने इस मार्ग पर बसें नहीं भेजी हैं। नालागढ़ से रामशहर मार्ग भी कई स्थानों से खराब पड़ा है। रामशहर-दीगल-चमदाड़ मार्ग पर चिलड़ गांव के लिए बना संपर्क मार्ग भी मलबा आने से बंद पड़ा है। इलाके के डा. शेर सिंह, श्रीराम, नीलम, सवारू सिंह, जटू राम और महेंद्र कुमार के अनुसार चिलड़ गांव में 40 परिवार हैं, लेकिन यातायात सुविधा बंद होने से लोगों को अपनी नकदी फसलें पीठ पर उठा कर मुख्य मार्ग पर पहुंचानी पड़ रही हैं। वहीं नालागढ़ के अड्डा प्रभारी छोटू राम के अनुसार मार्ग पर मलबा आने और फिसलन के चलते रूट बंद है। मौसम साफ होने पर इन्हें खोल दिया जाएगा।

Related posts