
रामपुर बुशहर। लालसा से किताबें खरीदने गए तीन युवकों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। हालांकि, पुलिस लापता तीनों युवकों की तलाश कर रही है। लेकिन, बुधवार देर शाम तक पुलिस के हाथ कोई सफलता नहीं लग पाई थी। वहीं परिजन भी अपने स्तर पर युवकों की तलाश में जुटे हुए हैं। लापता तीनों युवक एक ही परिवार से संबंध रखते हैं और एक साथ घर से बाजार में किताबों की खरीदारी करने के लिए निकले थे। जितेंद्र शर्मा (18) योगेश्वर शर्मा (19) और हिमेश (18) सभी निवासी लालसा घर से किताबें खरीदने निकले थे, लेकिन उसके बाद वे लौट कर घर नहीं आए। देर शाम तक जब बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने रिश्तेदारों और दोस्तों के घर में बच्चों को तलाश किया। बच्चों का कोई सुराग न लगने पर परिजनों ने इसके बारे में पुलिस में मामला दर्ज करवाया। इधर, डीएसपी रामपुर सुनील नेगी ने बताया कि पुलिस युवकों की तलाश कर रही है। उन्होंने कहा कि इसके बारे में आसपास के थाने और चौकियों को भी सूचना दे दी गई है। उन्होंने दावा किया कि जल्द युवकों की तलाश कर ली जाएगी।
