
रोहडू। स्थानीय सब्जी मंडी में बागवानों से प्रति पेटी 20 रुपये वसूल किए जा रहे हैं। इसके चलते आढ़तियों की मनमानी के खिलाफ बागवानों में रोष है। बागवानों ने प्रशासन से भी आढ़तियों की मनमानी के खिलाफ शिकायत की है। बागवानों ने चेतावनी दी है कि अगर मंडी में अवैध वसूली बंद नहीं हुई तो सख्त कदम उठाए जाएंगे। रोहडू सब्जी मंडी में बागवानों से प्रति पेटी मजदूरी तथा स्टोर चार्जिस के नाम पर आढ़ती बीस रुपये वसूल रहे हैं। जबकि, प्रदेश के अंदर किसी भी सब्जी मंडी में बागवानों से इस प्रकार की वसूली नहीं का जा रही है। प्रदेश विपणन समिति भी इस प्रकार की वसूली को अवैध करार दे रही है। बागवानों ने इस संबंध में आरटीआई के तहत भी जानकारियां जुटाई हैं। रोहडू के बागवान गोवर्धन चौहान ने बताया कि रोहडू सब्जी मंडी में आढ़ती बीस रुपये प्रति पेटी अवैध रूप से वसूल रहे हैं। उन्होंने एपीएमसी से इस संबंध में आरटीआई के तहत जानकारी भी ली।
हिमालयन एप्पल ग्रोवर इंडिया के पदाधिकारी बलवंत जस्टा, नरेश सिथटा, शिव कुमार शर्मा, राजेश धांटा, परविंद्र झौहटा, सुंदर सिंह नैंटा तथा निखिल सारटा ने मांग उठाई है कि रोहडू सब्जी में बागवानों से की जा रही अवैध वसूली को बंद किया जाए। अगर अवैध वसूली जारी रही तो बागवानाें को सख्त कदम उठाने पड़ेंगे। उन्होंने सेब को दर में बेचने के निर्णय पर रोक लगाने के लिए बागवानी मंत्री विद्या स्टोक्स का आभार व्यक्त किया है। एसडीएम रोहडू यशपाल सिंह वर्मा ने बताया कि बीस रुपये प्रति पेटी लेने की उनके पास शिकायतें आई हैं। इस मामले में आढ़तियों को बुलाकर उन्हें सख्त निर्देश दिए जा रहे हैं।
