
हमीरपुर। राशन कार्ड धारकों के लिए अच्छी खबर नहीं है। इस बार भी डिपो में आटे का कोटा कम मिलेगा। सिविल सप्लाई के गोदामों में आटे की कम खेप पहुंची है। इसलिए उपभोक्ताओं के कोटे पर कट लगेगा। पिछले दो महीने से आटे का कोटा का कोटा कम मिल रहा था। इस बार उपभोक्ताओं को पूरी उम्मीद थी कि आटे का कोटा पूरा मिलेगा लेकिन ऐसा शायद नहीं होगा।
मार्च, अप्रैल में भी उपभोक्ताओं को प्रति राशन कार्ड 12-13 किलो आटा मिला था। इस माह भी आटे का पूरा कोटा नहीं मिलने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि खाद्य आपूर्ति विभाग आटे की आवश्यकता अनुसार पूर्ति करने की बात कर रहा है। जिलेभर में सिविल सप्लाई के आठ गोदामों नादौन, बड़सर, हमीरपुर, पट्टा, बोहनी, पंजोत, सुजानपुर, नगरोटा गाजियां से खाद्य आपूर्ति की जाती है। जांच पड़ताल के दौरान पाया गया कि नादौन स्थित सिविल सप्लाई गोदाम में हर माह करीब 3 हजार क्विंटल आटे की जरूरत होती है। पिछले दो माह से गोदाम में 2400 क्विंटल आटे की आपूर्ति हो रही है। इस बार भी इतनी ही आपूर्ति हुई है। सुजानपुर स्थित गोदाम में हर माह करीब 1600 क्विंटल आटे की जरूरत होती है। करीब 1100 क्विंटल आटे की आपूर्ति हो रही है। बड़सर में हर माह करीब 3 हजार क्विंटल आटे की जरूरत होती है। यहां भी 2400 क्विंटल आटा गोदाम में पहुंच रहा है। बोहनी स्थित गोदाम में हर माह करीब 1 हजार क्विंटल आटा चाहिए होता है। करीब 800 क्विंटल आटा ही पहुंच रहा है। नियमों के मुताबिक हर राशन कार्ड धारक को 18 किलो आटा दिया जाना चाहिए।
…………………
जो भी आपूर्ति आती है, उसे डिपो की जरूरत के हिसाब से वितरित किया जाता है। राशन कार्ड धारकों को किस हिसाब से आटा वितरित करना है, खाद्य आपूर्ति विभाग का काम है।
-एमआर चंबयाल, एरिया मैनेजर, सिविल सप्लाई कारपोरेशन
……………………..
आवश्यकता अनुसार आटा वितरित किया जा रहा है। आटे में कोई कटौती नहीं हुई है।
-प्रताप ठाकुर, खाद्य आपूर्ति अधिकारी
