नहीं मिला ट्रक समेत बहा चालक

ज्यूरी (शिमला)। बादल फटने के बाद उच्ची नाले में शुक्रवार रात आई बाढ़ में ट्रक समेत बह गया चालक रविवार को भी नहीं मिला। पुलिस ने नाले के आसपास मंगलाड तक चालक की खोजबीन की, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। पुलिस थाना प्रभारी मंगत राम ने बताया कि चालक मोनू की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि चालक को खोजने के लिए दो टीमें बनाई गई हैं। इधर, रणवीर और चमन को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इन दोनों को शुक्रवार रात भागते वक्त चोटें आई थीं।
नाले में आई बाढ़ से हुए नुकसान का आंकड़ा एक करोड़ से अधिक जा सकता है। बादल फटने से दारन गांव में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। एसडीएम रामपुर दलीप नेगी का कहना है कि लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग और बागवानी विभाग नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं। पूरा आकलन होने के बाद ही तस्वीर साफ होगी।
इनसेट
रामपुर बुशहर। विकास खंड रामपुर की कूहल पंचायत के चिकसा गांव में भारी बारिश से एक व्यक्ति के करीब सेब के 35 पौधे नष्ट हो गए। शुक्रवार रात सड़क से भारी मात्रा में आए पानी के कारण भूस्खलन हो गया, जिसकी चपेट में पौधे आ गए। पंचायत उपप्रधान कूहल रमेश अष्टू ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पौधे नष्ट होने से रोशन लाल को खासा नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से नुकसान का आकलन करवाकर प्रभावित को हरसंभव सहायता राशि देने की मांग की है।

Related posts