
नई टिहरी। प्रतापनगर समग्र जन कल्याण समिति की बैठक में डोबरा-चांठी पुल निर्माण में हो रही देरी पर रोष जताया गया। वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2006 से निर्माणाधीन पुल का कार्य पूरा न होने से प्रतापनगर के लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने खस्ताहाल पड़े भल्डियाना मोटर मार्ग का मरम्मत करने की भी मांग की। नवदुर्गा मंदिर में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि टिहरी बांध की झील बनने के आठ साल बाद भी डोबरा-चांठी पुल का निर्माण नहीं हो पाया है, जिससे क्षेत्र के लोगाें को 80 से 90 किमी अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है। वहां जरूरी सामान की कीमतें भी आसमान छू रही हैं। बैठक में जिला मुख्यालय में एक धर्मशाला बनाने, प्रतापनगर में सिद्धपीठ सेममुखेम को पर्यटन मानचित्र पर दर्शाने और सड़कों की दशा सुधारने की मांग की। बैठक में समिति के अध्यक्ष योगेंद्र सिंह नेगी, चंदन सिंह खरोला, घनश्याम पंवार, त्रिलोक रमोला, हंसराज कंडियाल, अरविंद, विलयपाल राणा, गिरीश पंवार, टीकम चौहान, उत्तम रावत और अनिल भट्ट आदि मौजूद थे।
