नहीं निकल पाए काजा में फंसे मरीज

काजा (लाहौल-स्पीति)। बर्फबारी के चलते लाहौल-स्पीति जिला के काजा में अभी भी चार मरीज फंसे हुए हैं। इनमें से एक ही हालत गंभीर है। हालांकि बुधवार को भुंतर से काजा और लोसर के लिए हेलीकॉप्टर की उड़ान थी, लेकिन किसी कारण सुबह उड़ान नहीं भेजी गई, जबकि शाम को मौसम खराब होने के कारण उड़ान नहीं हो पाई है। इस कारण चार मरीजों सहित 18 लोग काजा में दिन भर हेलीकॉप्टर का इंतजार करते रहे।
बर्फबारी के बाद काजा देश और दुनिया से कट गया है। अब वहां जाने और आने का एकमात्र साधन हेलीकॉप्टर ही है। हालांकि इन लोगों को निकालने के लिए आज हेलीकॉप्टर सेवा भेजी जानी थी, लेकिन सुबह भुंतर से हेलीकॉप्टर दूसरी जगह भेज दिया गया, जबकि काजा में सुबह से ही लोग हेलीकॉप्टर का इंतजार करते रहे। जानकारी के अनुसार काजा में चार मरीज हेलीकॉप्टर के माध्यम से भुंतर लाए जाने थे, लेकिन हेलीकॉप्टर न पहुंचने से लोगों को नहीं निकाला जा सका। इनमें से एक गंभीर की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि स्कूल और कॉलेज के छात्र भी दिन भर हेलीकॉप्टर का इंतजार करते रहे।
इस संबंध में तहसीलदार काजा राम नाथ का कहना है कि सुबह दस बजे काजा के लिए हेलीकॉप्टर आना था, लेकिन किसी कारण काजा के लिए नहीं भेजा गया। शाम को मौसम खराब होने के कारण हेलीकॉप्टर नहीं आ सका। उन्होंने कहा कि काजा में चार मरीज भी हैं। इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।

Related posts