
ज्वालामुखी (कांगड़ा)।(सीमा वालिया) मां ज्वालामुखी मंदिर के लंगर मेें श्रद्धालुओं की ओर से अर्पित कई क्विंटल गेहूं सड़ने के कगार पर है। मंदिर प्रशासन गेहूं को बचाने का प्रयास नहीं कर रहा है। जानकारी के मुताबिक ज्वालाजी लंगर में श्रद्धालु अपनी श्रद्धा अनुसार लंगर में दान देते हैं। इस दान में क रीब छह क्विंटल से ज्यादा का गेहूं इकट्ठा हो गया है, जोकि मंदिर प्रशासन की अनदेखी के कारण अब सड़ना शुरू हो गया है। इससे श्रद्धालुओं की आस्था पर भी गहरा आघात पहुंच रहा है। जल्द ही इसे बचाया न गया तो यह पूरी तरह से सड़ जाएगा और किसी उपयोग में नहीं आएगा।
इधर, मंदिर लंगर इंचार्ज राणो देवी ने बताया कि श्रद्धालुओं की ओर से दान के रूप में दिया गया गेहूं स्टोर रूम में रखा गया है। इसका उपयोग नहीं हो पा रहा है, इस बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया गया है। मंदिर अधिकारी अतिरिक्त कार्यभार देवी राम का कहना है कि श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए गेहूं को खराब नहीं होने दिया जाएगा। इसे जल्द उपयोग में लाकर श्रद्धालुओं को ही अर्पित किया जाएगा। उधर, विधायक संजय रत्न का कहना है कि मंदिर प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान का सही उपयोग होना चाहिए। अगर इसमें कोताही होगी तो जवाब मांगा जाएगा।
