
सुंदरनगर (मंडी)। धनोटू-बग्गी मार्ग पर शनिवार को इंजीनियरिंग के एक प्रशिक्षु छात्र की बाइक समेत नहर में गिरने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर वहां पर लोगों का हजूम उमड़ पड़ा। सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा उन्होंने गोताखोरों की मदद से युवक के शव को बाहर निकाला। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस के अनुसार नेरचौक स्थित अभिलाषी कॉलेज में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर का प्रशिक्षु छात्र विशाल (21) शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे बग्गी से बाइक पर सवार होकर सुंदरनगर के धनोटू की ओर आ रहा था। इस दौरान उसकी बाइक अनियंत्रित होकर नहर के किनारे मिट्टी के पैरापिट से टकरा गई। इस दौरान बाइक तो नहर किनारे ही रह गई लेकिन विशाल पुत्र रामस्वरूप निवासी छलकी नहर में जा गिरा तथा डूब गया। स्थानीय लोगों को इस हादसे का पता चला तो वहां लोगों का हजूम लग गया।
सूचना मिलने पर एसडीएम एचएस राणा तथा डीएसपी कुलभूषण वर्मा भी मौके पर पहुंचे तथा उन्होंने वहां पर मांहूनाग ड्राइविंग एसोसिएशन के सदस्यों को सहयोग के लिए बुलाया। गोताखोरों ने करीब 12 बजे नहर में डुबकी लगाकर दुर्घटनास्थल से करीब सौ मीटर आगे नहर से युवक का शव बरामद कर लिया। डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। एसडीएम एचएस राणा ने बताया मृतक युवक के परिजनों को प्रशासन की ओर से फौरी सहायता के तौर पर दस हजार की राशि प्रदान की है।
सोढ़ी
