नहर निर्माण में हो रही अवैध मक डंपिंग

चुवाड़ी (चंबा)। उपमंडल की परछोड़ पंचायत के लाहड़ू में निर्माणाधीन 205 करोड़ की फिन्ना सिंह सिंचाई नहर परियोजना के काम में अवैध डंपिंग हो रही है। हैरानी की बात है कि निर्माण की मक डंपिंग के लिए अभी तक साइट ही नहीं बनाई जा सकी है। विभाग ने भूमि अधिग्रहण किए बिना ही काम शुरू कर दिया गया है और मलबा इधर-उधर फेंका जा रहा है। लाहड़ू खड्ड के किनारे डंपिंग किए जाने से मलबा इसमें गिर रहा है। यह काम लंबे अर्से से चल रहा है, मगर प्रशासन, वन विभाग व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से अभी तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं हो पाई है। हैरानी की बात है कि यह क्षेत्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन कुलदीप सिंह पठानिया के गृह क्षेत्र में आता है। ग्रामीणों करतार सिंह, चैचल प्रित, पंकज सिंह, परछोड़ पंचायत के पूर्व उपप्रधान दिलबाग सिंह, जगपाल सिंह, ओमकार सिंह, महिला मंडल परछोड़ की प्रधान चंद्रकांता, परछोड़ पंचायत के पूर्व उप प्रधान पूर्ण चंद, राहुल, सोम कुमार, सुभाष शर्मा व जगदीश चंद ने कहा कि परियोजना के निर्माण में पर्यावरण के नियमों की अनदेखी हो रही है। मलबा पास बह रही खड्ड में फेंके जाने से इसे खतरा उत्पन्न हो गया है। वहीं फिन्ना सिंह नहर के सहायक अभियंता केके शर्मा ने कहा कि लोगों की भूमि अधिग्रहण का काम चल रहा है। इसके चलते डंपिंग साइट नहीं बनी है। मलबा अपनी भूमि पर ही रखा गया है। अगर कुछ मलबा खड्ड में गया है तो इसे हटवा दिया जाएगा। वहीं कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर विनोद पासी ने कहा कि विभाग ने जो साइट बताई है, वहीं मलबा रखा जा रहा है। डीएफओ आरसी गोमा का कहना है कि परियोजना को मंजूरी दिए जाने के दौरान ही मक डंपिंग साइट एप्रूव की गई होगी, अगर ऐसा नहीं हो रहा है तो कार्रवाई की जाएगी। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स का कहना है कि अगर काम में अनियमितताएं हैं और पर्यावरण नियमों को नहीं माना जा रहा है तो निर्माण कार्य की जांच की जाएगी। खामी मिलने पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

Related posts