नशे में धुत व्यक्ति ने हवा में दागी गोली

सुंदरनगर (मंडी)। शहर के नया बाजार में बुधवार रात एक व्यक्ति ने नशे में धुत होकर फिल्मी अंदाज में अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हवा में गोली दाग दी। जिस कारण रात को ही पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने घटना के बाद बीएसएल थाना पुलिस को सूचित किया। जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पूछताछ के लिए उसके घर से ही हिरासत मेें ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रत्ती निवासी बिहारी लाल पुत्र शिवराम बुधवार की रात को कालोनी में किसी से मिलने स्कॉर्पियो गाड़ी में आया था। इस दौरान नया बाजार के पास उसने रात करीब पौने बारह बजे गाड़ी रोकी और उसे वहां खड़ी कर इधर-उधर घूमने लगा। सोमवार रात को शहर में एक साथ छह दुकानों में हुई चोरी की घटना से सहमे लोगों ने रात को उसे संदिग्ध अवस्था में घूमते देखा तो उन्होंने उसे चोर समझा। जिसके उपरांत कुछ लोगों उसे चोर समझ कर जोर से शोर मचाया। जैसे ही लोग उसकी तरफ बढ़े उसने लाइसेंसी पिस्टल को निकालकर हवा में गोली चला दी और वह गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए डीएसपी कुलभूषण वर्मा और थाना प्रभारी बिन्नी मिन्हास की अगुवाई में बल्ह पुलिस को सूचित किया और पुलिस दल को साथ लेकर आरोपी के घर पहुंच कर उससे पूछताछ की। पुलिस ने आरोपी का मेडिकल करवाकर उसके खिलाफ आर्म्ज एक्ट 25 और भारतीय दंड संहिता की धारा 336 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इधर, पुलिस अधीक्षक मंडी आरएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को पिस्टल सहित हिरासत में ले लिया गया है।

Related posts