
चंबा। नशे की हालत में स्थानीय चौगान नंबर एक में दो भिखारियों ने खूब हुड़दंग मचाया और एक-दूसरे पर हमला करके लहूलुहान कर लिया। इनका दंगल काफी देर तक चलता रहा। इसे देखने काफी भीड़ भी जमा हो गई थी। तभी किसी ने पुलिस को सूचित किया तो पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों को चौकी पहुंचाया। पुलिस ने दोनों भिखारियों को गाड़ी में बिठा कर पुलिस चौकी पहुंचाया और चेतावनी देकर छोड़ा। मंगलवार को शाम करीब पांच बजे दो भिखारी पैसे को लेकर आपस में उलझ पड़े। इसके बाद उन दोनों में धक्कामुक्की शुरू हो गई और एक ने दूसरे भिखारी के सिर पर वार कर दिया। इससे भिखारी के सिर से खून बहना शुरू हो गया। तमाशा देखने वालों का जमावड़ा लग गया। दूसरी और एक भिखारी ने चौगान में पैसे बिखेर दिए और दूसरे भिखारी पर पैसे छीनने के आरोप लगाने लगा। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनो भिखारी को समझा बुझाकर मामला शांत करने की कोशिश की, लेकिन जिस भिखारी के सिर पर चोटें आई थीं, वह पागलों जैसा व्यवहार करने लगा। एक तरफ चौगान में जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता चली थी। दूसरी तरफ भिखारियों ने हुड़दंग मचाया हुआ था। उधर, सिटी चौकी के हैड कांस्टेबल विजय कुमार ने बताया कि भिखारियों का मेडिकल करवाया गया है। उन्होंने कहा कि इनका कोई स्थायी अता पता तक नहीं है।
………..
दो ट्रैक्टर, एक पिकअप चालक पर जुर्माना
पुखरी (चंबा)। अवैध खनन करने वालों पर वन विभाग की ओर से शिकंजा कसना शुरू कर दिया गया है। मंगलवार को आरओ मसरूंड बालकृष्ण शर्मा की अगुवाई में वन विभाग की टीम ने कंदला मे छापा मारा। इस मौके पर दो ट्रैक्टर चालक व रेत से लदे एक पिकअप के चालान काटे गए। इस दौरान ढाई-ढाई हजार रुपये का ट्रैक्टर चालकों पर जुर्माना ठोंका गया। इसके अलावा पिकअप चालक को दो हजार रुपये जुर्माना किया गया। बीओ महिंद्र कुमार ने बताया कि अवैध खनन करने वालों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा। इस अवसर पर फारेस्ट गार्ड यूनिस खान, वंदना कुमारी भी मौजूद रहे।
