नशे के दलदल में फंसा ऊधमसिंह नगर

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर नशे के दलदल में फंस गया है। बताया जाता है कि नेपाल के साथ ही यूपी, पंजाब, हरियाणा से यहां नशे की सप्लाई हो रही है। नशा करने से इस साल अब तक दर्जनभर की मौत हो चुकी है।
नशीले पदार्थ के सौदागर जिले में चरस, स्मैक, हेरोइन व कच्ची शराब की खेप पड़ोसी देश नेपाल व यूपी , पंजाब तथा हरियाणा से तस्करी कर ला रहे हैं। जो जगह जगह अपने एजेंट बनाकर नशीले पदार्थ सप्लाई कर रहे हैं। इससे जिला ऊधम सिंह नगर का मुख्यालय भी नहीं छूटा है। इनके गली मोहल्लों में बनाए गए एजेंट शहर में छोटे स्तर पर जानलेवा नशीला पदार्थ काफी मात्रा में खपा रहे हैं। इससे जहां युवा वर्ग नशे के दलदल में फंसता जा रहा है। वहीं अत्याधिक नशा करने से शहर के सुभाष कालोनी, घास मंडी, ट्रांजिट कैंप, रवींद्रनगर, भूतबंगला, रम्पुरा में कई लोगों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में अधिकतर 28 वर्ष तक के युवा शामिल हैं। ऐसा नहीं है कि पुलिस नशे के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती। कार्रवाई के दौरान तो छोटे एजेंट पुलिस के हत्थे चढ़ जाते हैं, लेकिन बड़ी मछलियों तक पुलिस हाथ नहीं डालती है। सूत्रों के मुताबिक शहर के सीरगोटिया व गांधी नगर में भी कुछ लोग बड़े स्तर पर नशे का कारोबार कर रहे हैं। जो गली मोहल्लों में बने एजेंटों को माल सप्लाई करने का काम करते हैं।

Related posts