

इससे पूर्व छह जून को भी यहां पठानकोट के दो युवकों के शव मिले थे। दोनों की मौत भी नशे की ओवरडोज से हुई थी। बीते दिन ही पंजाब और हिमाचल पुलिस ने यहां संयुक्त अभियान चलाकर नशा तस्करों की तलाश में छापे मारे थे। यह इलाका चिट्टे के लिए भी बदनाम है। अब तक एक दर्जन से अधिक युवकों की नशे से जान जा चुकी है।पुलिस के अनुसार शुक्रवार देर शाम डमटाल पुलिस थाने की टीम एएसआई शेर सिंह की अगुवाई में गश्त पर थी। भदरोया के समीप जंगल में पुलिस टीम ने एक युवक को पड़े देखा। उसे तुरंत 108 एंबुलेंस से पठानकोट अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में तैनात डॉ. परविंद्र कौर ने नशे की ओवरडोज से व्यक्ति की मौत होने की पुष्टि की है।
डमटाल पुलिस थाना प्रभारी हरीश गुलेरिया ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल नूरपुर भेज दिया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारणों का पता चलेगा। उधर, डीएसपी ज्ञान चंद ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
