
नाहन (सिरमौर)। थाना क्षेत्र कालाअंब के तहत पुलिस ने नाके पर जांच के दौरान एक बोलेरो जीप में सवार तीन छात्रों को प्रतिबंधित नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार किया है। छात्रों के कब्जे से 106 शीशी कोरेक्स बरामद की गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भगत सिंह ठाकुर ने इसकी पुष्टि की।
थाना कालाअंब से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने नाके के दौरान एक बोलेरो कार नंबर-जेके02एक्यू-55502 रोकी जो नाहन से चंडीगढ़ की ओर जा रही थी। कार में तीन युवक सवार थे। पुलिस ने शक के आधार पर जब जीप की जांच की तो उसमें कोरेक्स की 106 शीशी बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी राहुल लूथरा पुत्र राजीव लूथरा निवासी कालोनी शास्त्रीनगर जिला जम्मू, जहानजेब खान पुत्र शाहिल अहमद खान निवासी शास्त्री नगर जम्मू एवं आतिफबेग पुत्र नाजीर अहमद बेग निवासी निवासी गांव पेड दयाल, जिला अन्नतनाग (जम्मू-कश्मीर) को गिरफ्तार कर लिया। मौके पर आरोपी युवा किसी भी प्रकार का लाइसेंस एवं दस्तावेज नहीं दिखा पाए।
पुलिस का कहना है कि तीनों छात्र पंजाब के जालंधर एवं हरियाणा के पंचकूला में पढ़ाई करते हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडी एंड पीएस एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
