
नाहन (सिरमौर)(दीप राम)सदर थाना क्षेत्र के तहत पुलिस ने एक आरोपी युवक को नशीली प्रतिबंधित दवाओं की खेप के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट से दो दिन की पुलिस रिमांड मिली है। पुलिस अधीक्षक सुमेधा द्विवेदी ने बताया कि शुक्रवार को जिला पुलिस की विशेष जांच शाखा द्वारा एक गुप्त सूचना के आधार पर गैस गोदाम नाहन के पास शाम को रेकी की गई तो वाल्मीकि बस्ती नाहन जिला सिरमौर निवासी वासु कुमार के कब्जे से अवैध रूप से ले जाई जा रही 30 बोतल रेक्सकाफ सिरप एवं 239 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए। पुलिस ने नशीली दवाओं को अपने कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ द्रव्य अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को सोमवार तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
उधर, एक महिला ने बनकला गांव निवासी बृजमोहन पर छेड़छाड़ एवं अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 354 में मामला दर्ज कर लिया है। सदर थाना प्रभारी लायकराम सिसोदिया ने इसकी पुष्टि की।
